नई दिल्ली : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा का 82 साल की उम्र में दिल्ली में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। वह काफी समय से बीमार थे। उनका दिल्ली के अस्पताल में इलाज चल रहा था। वह तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके थे।बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने राज्य में तीन दिनों के शोक की घोषणा की है। मिश्रा को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। वहीं केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह ने ट्विटर के जरिए मिश्रा को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, ‘बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री जगन्नाथ मिश्रा जी का निधन हो गया है। प्रभु उनकी आत्मा को शांति दे।’
मिश्रा कैंसर और अन्य बीमारियों से ग्रस्त थे। जनवरी 2018 में चारा घोटाले से जुड़े चाईबासा कोषागार से अवैध निकासी के मामले में अदालत ने उन्हें दोषी करार देते हुए पांच साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। एकसमय कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे मिश्रा ने अपने बड़े भाई ललित नारायण मिश्रा से राजनीति का पाठ सीखा था।