जे पी मौर्या गाजियाबाद ब्यूरो। कविनगर थाना क्षेत्र की महागुनपुरम सोसायटी में शनिवार रात फ्लैट में सो रहे एक परिवार को आग से जलाकर मारने की कोशिश की गई। फ्लैट में बाहर से दरवाजे में मिट्टी का तेल या डीजल डालकर आग लगाई गई। धुआं अंदर आता देख पति-पत्नी की आखें खुली तो वह दरवाजे की ओर दौड़े और पानी से काबू पाया। फ्लैट में सो रहे चार लोगों की जान बच गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रसून श्रीवास्तव एनएच-9 स्थित महागुनपुरम सोसायटी के गायत्री टावर फ्लैट 1664 में रहते हैं। वह दिल्ली की आईटी कंपनी में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी भोली गढ़मुक्तेवर के प्राइमरी स्कूल में शिक्षिका हैं। उन्होंने बताया कि वह शनिवार रात पत्नी, बेटी प्रथमा और साले अभिषेक केसाथ सोए हुए थे। रात करीब 2:20 बजे उनकी आंख खुली तो घर के अंदर धुआं हो रहा था। उन्होंने बाहर की तरफ देखा तो फ्लैट के गेट से आग की लपटें उठ रहीं थी। उन्होंने पानी डालकर आग को बड़ी मुश्किल से बुझाया और पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि गेट के बाहर ज्वलनशील पदार्थ (मिट्टी का तेल या डीजल) भरा हुआ था। कुछ पदार्थ बिखरा हुआ था, जिसमें आरोपी ने आग लगाई थी। आग के कारण घर के अंदर धुआं से दम घुटने लगा। शोर मचाने पर आसपास के लोग भी आ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे परिवार को आग लगाकर जान से मारने की कोशिश की गई है। कविनगर थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के बारे में पता लगाया जा रहा है।