जे पी मौर्या, ब्यूरो चीफ गाजियाबाद :पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद लोकसभा सीट भाजपा के सबसे बड़ा दुर्ग बनकर उभरी है। यहां भाजपा के प्रत्याशी व पूर्व सेनाध्यक्ष वीके सिंह ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है। जहां बागपत, मुजफ्फरनगर, मेरठ समेत कई सीटों को बचाने में भाजपा प्रत्याशियों के पसीने छूट गए, वहीं गाजियाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी ने जीत भी छोटे-मोटे नहीं बल्कि पांच लाख के बड़े अंतर से दर्ज की। वर्ष 2014 में जनरल वीके सिंह ने 5.67 लाख रिकार्ड मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।
भोला सिंह के सितारे दोबारा बुलंद
एक बार फिर बुलंदशहर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डा. भोला सिंह विजयी हुए हैं। दूसरे नंबर पर बसपा प्रत्याशी योगेश वर्मा रहे। दोनों प्रत्याशियों के बीच जीत का अंतर करीब 2.90 लाख का रहा है। जबकि, सात प्रत्याशियों की जमानत भी जब्त हो गई। भाजपा प्रत्याशी डा. भोला सिंह को कुल 6,81,321 मत हासिल हुए हैं। योगेश वर्मा को कुल 3,91,264 मत हासिल हुए हैं। जबकि, कांग्रेस के बंशी पहाड़िया समेत अन्य प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है।