जे पी मौर्या,ब्यूरो चीफ, गाजियाबाद : अर्थला झील की जमीन पर अवैध कब्जा करके बालाजी विहार में रजिस्ट्री वाले मकानों की पैमाइश ईद के बाद होगी। इसके लिए नगर निगम में टीम का गठन हो गया है। मौके पर नगर निगम की टीम रजिस्ट्री वाले मकानों का भौतिक सत्यापन करेगी। मोहन नगर जोनल प्रभारी एस.के. गौतम ने बताया कि ईद के बाद ही रजिस्ट्री वाले मकानों की पैमाइश की जाएगी। इसके लिए एक टीम का गठन किया है, जो पैमाइश का काम करेगी। अर्थला में झील की जमीन पर बालाजी विहार, चित्रकूट कॉलोनी और साधूराम कॉलोनी बनी हैं। यहां लोग मकान बनाकर करीब 20 साल से रह रहे हैं। झील में लोगों को भू-माफिया ने सस्ती दरों पर जमीनें बेच दी थीं। बुधवार को तोड़फोड़ की कार्रवाई के दौरान 250 से अधिक लोगों ने मकानों की रजिस्ट्री की कॉपी जमा कराई थी। इसलिए पहले रजिस्ट्री वाले मकानों की पैमाइश की जाएगी। नगर निगम को गुरुवार को रजिस्ट्री वाले मकानों की जांच के लिए जाना था, लेकिन अब ईद के बाद ही मकानों की पैमाइश की जाएगी।