गाजियाबाद। जिले के तीन विधायकों के फर्जी लेटर हेड लगाकर निदेशक समाज कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश लखनऊ में स्थानीय कर्मचारियों और अधिकारियों की शिकायत की गई। लखनऊ से जांच बैठने के बाद समाज कल्याण के स्थानीय कर्मचारी विधायक से मिले तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। विधायकों ने कहा कि उन्होंने कोई शिकायत नहीं की है। भाजपा महानगर अध्यक्ष ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना सिहानी गेट में भाजपा महानगर महामंत्री राजेश वर्मा ने तहरीर देकर कहा है कि साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, भाजपा महानगर अध्यक्ष मान सिंह गोस्वामी के फर्जी लेटर हेड बनाकर डायरेक्टर समाज कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश को भेजा गया। जिसमें समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की शिकायत की गई। बताया कि लेटर हेड में छात्रवृत्ति में मनमाने तरीके से शिक्षण संस्थानों को वितरण करने की शिकायत की गई। लिखा गया कि कुछ संस्थानों को लाभ पहुंचाने के लिए कर्मचारी और अधिकारियों ने ऐसा किया है। एक लेटर हेड में एक संस्थान के पीजीडीएम के कोर्स में छात्रों की छात्रवृत्ति गबन की शिकायत की गई है। बताया कि केवल अधिकारी कर्मचारियों ने उन्हीं
संस्थानों को फायदा पहुंचाया है, जिससे उन्हें फायदा पहुंचा गया। जांच होने पर अधिकारी और कर्मचारियों के काले कारनामे की पोल खुल जाएगी। लखनऊ से मामले में जांच शुरू हो गई। जांच शुरू होने के बाद अधिकारी और कर्मचारियों को जानकारी हुई तो उन्होंने विधायकों से संपर्क साधना शुरू कर दिया। बताया के ऑर्डिनेंस फैक्ट्री क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर कर्मचारियों की शिकायत की गई। समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी ने मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी से कहा कि आपने किस आधार पर शिकायत की है। हमने तो ऐसा कुछ किया भी नहीं है। विधायक ने कहा कि उन्होंने कोई शिकायत नहीं की है।